बिलासपुर में सराफा सुरक्षा पर बड़ा मंथन, लूट कांड के बाद पुलिस–व्यापारी समन्वय मजबूत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिलासपुर, फ़रवरी 25, 2026

 

राजकिशोरनगर स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई बड़ी लूट की घटना और उसके बाद सीपत क्षेत्र में सामने आई आपराधिक वारदातों को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर पुलिस और सराफा व्यापारियों के बीच आज व्यापक सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक बिलासा गुड़ी स्थित चेतना हाल में एसएसपी रजनेश सिंह की अध्यक्षता में हुई, जिसमें जिले भर के सराफा व्यापारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

 

बैठक से पूर्व प्रदेश सराफा संघ के अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूट कांड के अंतरराज्यीय गिरोह को मात्र 24 घंटे के भीतर पकड़ने वाली पुलिस टीम का भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, एडिशनल एसपी पंकज पटेल सहित ‘ऑपरेशन गोल्ड’ में शामिल 11 सदस्यीय टीम को शॉल और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बिलासपुर पुलिस की कार्यशैली की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि जिले की अब तक की सबसे बड़ी लूट की घटना को जिस तत्परता, समन्वय और टीमवर्क के साथ 24 घंटे के भीतर सुलझाया गया, वह बिलासपुर पुलिस के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की सुरक्षित बरामदगी ने व्यापारियों में विश्वास बहाल किया है और इसके लिए बिलासपुर पुलिस जितनी प्रशंसा की जाए, कम है। इस अभियान में उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग को भी उन्होंने सराहनीय बताया।

 

इस अवसर पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर स्थिति का सूक्ष्म आकलन किया और एडिशनल एसपी पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह सहित पूरी टीम को अलर्ट मोड में अपराधियों तक पहुंचने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि टीम की कड़ी मेहनत और रणनीतिक कार्रवाई का ही परिणाम रहा कि 24 घंटे के भीतर गिरोह पकड़ा गया। आईजी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता भी पुलिस का अहम हिस्सा है और सभी नागरिकों को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देनी चाहिए।

 

बैठक के दौरान एसएसपी रजनेश सिंह ने सराफा व्यापारियों को सुरक्षा से जुड़े विस्तृत मापदंडों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हालिया लूट की घटनाएं चुनौतीपूर्ण थीं, लेकिन टीम के समन्वय से अपराधियों को पकड़ा गया। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सराफा व्यापारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी व्यापारियों को दुकानों में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने, नियमित रूप से सोने-चांदी के आभूषण इधर-उधर ले जाने से बचने और दुकानों में ही सुरक्षित भंडारण की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह दी।

 

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बैठक के समापन पर कहा कि एसएसपी द्वारा दिए गए सभी सुरक्षा निर्देशों का सराफा व्यापारी पूरी निष्ठा से पालन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी अप्रैल माह में सराफा संघ के सदस्यों का नवीनीकरण किया जाएगा और जो व्यापारी सुरक्षा निर्देशों का पालन नहीं करेंगे, उनकी सदस्यता नवीनीकरण नहीं की जाएगी।

 

यह बैठक न केवल हालिया घटनाओं के बाद सुरक्षा रणनीति को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है, बल्कि पुलिस और व्यापारियों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को भी नई मजबूती प्रदान करने वाली साबित हुई।

 

*ये स्पेशल ११ जो मिर्जापुर गई थी*

 

1. उप. पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री निमितेश सिंह परिहार

2. निरीक्षक श्री किशोर केवट थाना प्रभारी सिरगिट्टी

3. स.उ. नि. श्री शैलेन्द्र सिंह थाना सरकंडा

4. प्रधान आरक्षक क्रमांक 277 बलबीर सिंह थाना सरकंडा

5. प्रधान आरक्षक 303 अतीश पारीक ACCU बिलासपुर

6. आरक्षक क्रमांक 1148 सरफराज खान थाना तोरवा

7. आरक्षक क्रमांक 1124 आशीष राठौर थाना सिविल लाइन

8. आरक्षक क्रमांक 487 वीरेंद्र गंधर्व थाना पचपेड़ी

9. आरक्षक क्रमांक 1484 सत्य पाटले थाना सरकंडा

10. आरक्षक क्रमांक 1170 वीरेंद्र साहू थाना सरकंडा

11. ⁠खोहाली केवेंट

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें