दुर्ग। समोदा गांव स्थित एक खेत में अफीम की खेती करने का मामला शुक्रवार को सामने आने के बाद से पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर डटी रही। करीब 5.62 एकड़ क्षेत्र में अवैध खेती की जा रही है। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात खेतों में लगे अफीम की निगरानी करते रहे।
शुक्रवार रात कलेक्टर भी गांव पहुंचे थे, वहीं शनिवार सुबह से आइजी, एडीएम, तहसीलदार और एफएसएल की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंच गई।
समोदा और झेंझरी गांव के बीच आता है खेत
ग्राम समोदा के मुख्य मार्ग से करीब सात किलोमीटर अंदर यह खेत स्थित है, जो समोदा और झेंझरी गांव के बीच आता है। मामला उजागर होने के बाद समोदा सहित आसपास के ग्रामीण घटनास्थल देखने पहुंचने लगे, लेकिन पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के कारण भीड़ मुख्य मार्ग से आगे नहीं बढ़ पाई।









