ऐतिहासिक महासम्मेलन: 13 जून को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में जुटेगा NHM कर्मियों का जनसैलाब, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*रायगढ़।* छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारी संघ द्वारा आगामी *13 जून 2026* को राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में एक भव्य प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के यशस्वी *मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय* शामिल होंगे।

महासम्मेलन की गरिमा बढ़ाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री द्वय श्री अरुण साव व श्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री व रायगढ़ विधायक श्री ओ पी चौधरी सहित कई कैबिनेट मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

 

*स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान और एकजुटता का दिखेगा ऐतिहासिक नजारा*

 

संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, इस महासम्मेलन में प्रदेश के कोने-कोने से ग्रामीण व शहरी उप-स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और मंत्रालय स्तर पर कार्यरत *18 हजार से अधिक NHM अधिकारी-कर्मचारी अपने परिवार सहित* शिरकत करेंगे।

 

हाल ही में संघ के प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उन्हें इस महासम्मेलन का आमंत्रण सौंपा था, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है। मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद से ही प्रदेशभर के कर्मचारियों में भारी उत्साह का माहौल है।

 

*रायगढ़ जिले से उमड़ेगा भारी हुजूम*

 

संघ की जिलाध्यक्ष शकुंतला एक्का ने बताया कि:

> “महासम्मेलन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रायगढ़ जिले के विभिन्न विभागों और विकासखंडों में कार्यरत 700 से अधिक कर्मचारी इस आयोजन को अपने पारिवारिक उत्सव की तरह ले रहे हैं और परिवार सहित रायपुर पहुंच रहे हैं। यह महासम्मेलन NHM कर्मचारियों के समर्पण, स्वास्थ्य सेवाओं में उनके अतुलनीय योगदान और संगठनात्मक शक्ति को प्रदर्शित करने का एक ऐतिहासिक मंच साबित होगा।”

>

*तैयारियां पूर्ण, कर्मचारियों में भारी उत्साह*

 

संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों की गरिमामयी उपस्थिति को लेकर प्रदेशभर के जिलों में व्यापक जनसंपर्क किया गया है और सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। 13 जून को रायपुर का इंडोर स्टेडियम NHM कर्मियों की एकता और संकल्प का साक्षी बनेगा।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें