सागर। पारिवारिक विवाद से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने जा रहे एक युवक को पुलिस ने अपनी सूझबूझ से बचा लिया। घटनाक्रम गुरुवार रात का है, जब डायल 112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि शाहगढ़ क्षेत्र के निबुआखेड़ा निवासी एक युवक मानसिक तनाव में आकर जामुन के पेड़ पर फांसी लगाने जा रहा है। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम सक्रिय हो गया और डायल 112 को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
पुलिस ने लगातार जारी रखी युवक से बातचीत
एफआरवी के पायलट भूपेंद्र यादव और आरक्षक विशाल प्रजापति ने समझदारी दिखाते हुए युवक से लगातार बातचीत जारी रखी, ताकि वह कोई गलत कदम न उठा सके। इसी बीच चौकी प्रभारी बराज और आरक्षक लखन गंधर्व भी घटनास्थल की ओर रवाना हुए। पुलिस टीम ने युवक की लोकेशन ट्रेस कर तेजी से मौके पर पहुंचकर देखा कि वह पेड़ पर फंदे से लटक चुका है।
तत्काल पेढ़ पर चढ़े पुलिसकर्मी
पुलिसकर्मी तत्काल पेड़ पर चढ़े और युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। तब कहीं जाकर सब से राहत की सांस ली। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। चिकित्सकों ने भी माना कि यदि कुछ मिनट और देरी होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।









