प्रतापपुर, सूरजपुर। प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पार्वतीपुर (झींगरा माड़ा, उपका पारा) के जंगल में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जंगल से गुजर रही 11 केवी हाई वोल्टेज विद्युत लाइन का तार टूटकर गिर गया। करंट प्रवाहित होने के कारण उसकी चपेट में आने से दो वयस्क भालुओं और एक शावक (बच्चे) की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बिजली लाइन चालू होने के कारण एक भालू का शव बुरी तरह झुलसकर जल गया। करंट और चिंगारियों के कारण आसपास की झाड़ियां एवं पेड़-पौधे भी जल गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। अधिकारियों ने पंचनामा की कार्रवाई करते हुए तीनों भालुओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वन विभाग यह जांच कर रहा है कि 11 केवी बिजली लाइन का तार किन परिस्थितियों में टूटकर जंगल में गिरा और उसमें करंट कैसे प्रवाहित होता रहा। वहीं, बिजली विभाग से भी पूरे मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।








