पेंड्रा के मरवाही थाना क्षेत्र के उसाड़ गांव में दिन दहाड़े बदमाशों ने दूक की नोंक पर एक किराना व्यापारी का उसके घर के भीतर से अपहरण कर लिया।
मरवाही थाना क्षेत्र के उसाड़ गांव में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज अपहरण की घटना सामने आई है। दो अज्ञात बदमाशों ने बंदूक की नोंक पर एक किराना व्यापारी का उसके घर के भीतर से अपहरण कर लिया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात युवक कार से मरवाही के उसाड़ गांव पहुंचे। गांव में पहुंचने के बाद उन्होंने ग्रामीणों से किराना व्यापारी गिरीश यादव के घर का पता पूछा। इसके बाद दोनों आरोपी सामान्य ग्राहक बनकर गिरीश यादव की किराना दुकान पर पहुंचे और कुछ सामान खरीदा। इसी दौरान उन्होंने दुकान में मौजूद गिरीश यादव के पुत्र से उसके पिता को बुलाने के लिए कहा। जैसे ही पुत्र अपने पिता को बुलाने घर के अंदर गया, दोनों बदमाश भी उसके पीछे घर के भीतर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि उस समय गिरीश यादव घर के गलियारे में आराम कर रहे थे।
हथियार की नोक पर कार में बैठाया
आरोपियों ने खुद को पुलिस बताते हुए गिरीश यादव को जबरन उठाया और घर के अन्य सदस्यों को हथियार दिखाकर धमकाया। इसके बाद वे उन्हें घर के बाहर खड़ी अपनी कार तक ले गए और वहां से फरार हो गए। घटना इतनी अचानक हुई कि परिजन कुछ समझ ही नहीं पाए। घटना के बाद परिवार के लोगों ने अपने परिचितों को फोन कर जानकारी दी तथा तत्काल मरवाही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और अपहृत व्यापारी की तलाश में जुटी हुई है। वहीं इस घटना के बाद गांव सहित पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।








