मुंगेली (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का लाइव वीडियो सामने आया है, जिसमें पुल का स्लैब गिरने का पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि मटेरियल से लदी गाड़ी के आगे बढ़ते ही पुल का स्लैब अचानक भरभरा कर धराशायी हो जाता है। हादसे के समय वहां कार्यरत श्रमिक बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि यह पुल लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। निर्माणाधीन ढांचे के इस तरह गिरने से निर्माण गुणवत्ता और तकनीकी मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद स्थानीय स्तर से लेकर राज्य की राजनीति तक में इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई है।
विपक्ष ने मामले को भ्रष्टाचार और निर्माण कार्यों में कथित लापरवाही से जोड़ते हुए सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव ने लोक निर्माण विभाग और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया जाएगा।
वहीं, राज्य के डिप्टी सीएम एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने घटना को निर्माण कार्य के दौरान हुई एक तकनीकी चूक बताया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यह घटना मंत्री अरुण साव के गृह जिले मुंगेली से जुड़ी है। पुल निर्माण में कथित अनियमितताओं और सुरक्षा मानकों को लेकर अब जवाबदेही तय करने की मांग तेज हो रही है। प्रशासनिक जांच और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच यह मामला राज्य की बड़ी खबर बन गया है।







