जांजगीर-चांपा : भारतमाला रोड पर खिसोरा और हरदीविशाल के बीच बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनकी 16 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा सड़क किनारे लगे डिवाइडर से बाइक के टकराने के कारण हुआ।
घायल बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में बिलासपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम बुंदेली, थाना बाल्को निवासी दिलेश कोसले (40) अपनी पत्नी उषा कोसले (36) और बेटी शिवानी कोसले (16) के साथ 14 सितंबर को ग्राम करूमहूं स्थित नानी के घर तीजा पर्व मनाने गए थे।
बुधवार 16 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे तीनों बाइक क्रमांक सीजी 12 एक्यू 9941 से बुंदेली लौट रहे थे। करीब नौ बजे खिसोरा-हरदीविशाल के बीच उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दिलेश और उषा कोसले गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। वहीं उनकी बेटी शिवानी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया। स्वजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









