गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा ग्वालियर का लोचन नगर, आधी रात उधारी के पैसों को लेकर गुंडों ने की 15 राउंड फायरिंग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्वालियर। मुरार थाना क्षेत्र के लोचन नगर में एसएलपी कॉलेज के पास आधी रात गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

महज 5 हजार रुपये की उधारी के लेनदेन को लेकर पैदा हुई खुन्नस में बेखौफ गुंडों ने जमकर तांडव मचाया और 12 से 15 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की। अचानक हुई इस वारदात से आसपास के लोग दहशत में आ गए।

लोचन नगर निवासी पीड़ित जितेंद्र सिंह बैस के अनुसार, उन्होंने गुंडे राहुल गुर्जर से अपने 5 हजार रुपये वापस मांगे थे। उधारी के पैसे मांगने पर राहुल ने इसे अपनी बेइज्जती समझा और खुन्नस में आ गया।

इसके बाद बेखौफ राहुल गुर्जर अपने हथियारबंद साथियों के साथ बिना नंबर की कार में सवार होकर पहुंचा और जितेंद्र के घर के पास अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में सनसनी फैल गई।

दोनों पक्षों के बयानों में उलझी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही देर रात मुरार पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस को छानबीन के दौरान घटनास्थल से खाली कारतूस और चले हुए राउंड मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। वहीं दूसरी ओर, इस मामले में मोड़ तब आया जब दूसरे पक्ष के पुष्पेंद्र गुर्जर ने भी जितेंद्र और उनके स्वजनों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया।

पुष्पेंद्र ने पुलिस को पहले खुद को गोली लगने की बात कही, लेकिन थोड़ी देर बाद बयान बदलते हुए कहा कि गोली उसके कान के पास से होकर निकल गई।

इलाके में तनाव, जांच में जुटी पुलिस

आधी रात हुई इस वारदात के बाद से लोचन नगर और एसएलपी कॉलेज रोड पर तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयानों की गहनता से पड़ताल की जा रही है। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर बेखौफ कार सवार हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

कई दर्ज हैं अपराध

सामने आया है कि राहुल गुर्जर पर पूर्व से भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें