कोरबा में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात, हत्या कर सेप्टिक टैंक में छिपाई पत्नी की लाश, बदबू आई तो खुला राज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कोरबा: श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में महिला की संदिग्ध मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब 35 वर्षीय संतोषी उरांव का सड़ा-गला शव उसके ही घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ।

रक्षाबंधन पर मायके जाने को लेकर संतोषी का पति मनोज उरांव से विवाद हुआ था। इसके बाद से वह लापता थी। अब 14 दिन बाद उसका शव सेप्टिक टैंक से मिलने और पति के फरार होने से मामले में हत्या कर शव छिपाए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पांच सितंबर को संतोषी का भाई उससे मिलने बरपाली पहुंचा था। तब मनोज ने उसे बताया कि संतोषी रक्षाबंधन से एक दिन पहले घर से चली गई है। इसके बाद मायके वालों ने रिश्तेदारों और आसपास के स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला। पांच सितंबर से 19 सितंबर के बीच 14 दिन तक संतोषी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। 19 सितंबर को संतोषी के मायके वाले और रिश्तेदार दोबारा बरपाली पहुंचे। घर पर ताला लगा था और मनोज भी वहां नहीं मिला। इसी दौरान घर से तेज दुर्गंध उठ रही थी। दुर्गंध के कारण उन्हें घर के भीतर कुछ अनहोनी होने का संदेह हुआ। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने पूरे घर की जांच की। दुर्गंध के आधार पर आंगन में बने सेप्टिक टैंक की जांच की गई और उसका ढक्कन खोला गया। टैंक के अंदर संतोषी का सड़ा-गला शव मिला। इसके बाद तहसीलदार, चिकित्सक और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्वजन ने पुलिस को बताया कि रक्षाबंधन पर मायके जाने को लेकर संतोषी का पति से विवाद हुआ था। उन्हाेने विवाद के बाद उसके साथ मारपीट किए जाने और मौत होने पर शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने का संदेह जाहिर की है। हालांकि हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगी। महिला के शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद से मनोज उरांव लापता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संतोषी की मौत कैसे हुई और शव सेप्टिक टैंक में किस परिस्थिति में पहुंचा।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें