इंदौर : राऊ थाना क्षेत्र में एक पान दुकान संचालक को दुकान में घुसकर बेहरमी से मारपीट करने का वीडियो वायरल होने का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद अफसरों ने मामले में पुलिसकर्मी के खिलाफ जांच आदेशित की है। बताते हैं जो वीडियो वायरल किया गया है, उसमें एक पान दुकान संचालक पर राऊ थाने का एएसआई अनुज कुमार लाठियों से मारपीट करता हुआ नजर आ रहा है।
25 हजार रुपये की बंदी मांगने का आरोप
- वीडियो के आधार पर एएसआई अनुज व उनके ड्राइवर निलेश पर वीडियो वायरल करने वालों ने 25 हजार रुपये की बंदी न देने के आरोप में मारपीट करने की बात कही जा रही है। गौरतलब है कि उक्त वीडियो में पीटाई का शिकार युवक राहुल चौरसिया का आरोप है कि उक्त घटना 18 सितंबर की है।
- रात को लगभग 12.30 बजे वह सिलिकान सिटी स्थित अपनी पान दुकान पर था। तभी एएसआई अनुज व ड्राइर निलेश पहुंचे। इस दौरान उसे ‘बिना महीने के पैसे दिए’ दुकान चलाने को लेकर धमकाया और फिर बुरी तरह से पिटाई कर दी। उसका आरोप है कि एएसआई अपने ड्राइवर के जरिए 25 हजार रुपये प्रतिमाह की बंदी की मांग कर रहा था। न देने पर उसे पीटा है।
अधिकारियों का पक्ष और कार्रवाई का आश्वासन
इधर, डीएसपी जोन-1 नरेंद्र रावत ने बताया कि जो वीडियो वायरल हुआ है उसकी हकीकत जांचने के बाद हम संबंधित पर कार्रवाई करेंगे। वहीं, राऊ टीआई राजपाल सिंह राठौर ने बताया कि एएसआई पर बंदी के रुपये मांगने के झूठे आरोप लगाए हैं। देर रात तक पान दुकान संचालक दुकान खोलकर असामाजिक तत्वों को बैठाता है। कई बार समझाइश के बाद भी न मानने पर एएसआई से उसने बदसलूकी की थी, इसी कारण कार्रवाई की गई है।









