भिलाई: टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन निवेश में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 2 लाख 37 हजार 140 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने नंदिनी नगर थाने में अज्ञात आरोपित के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर दिया झांसा
- पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम बानबरद वार्ड क्रमांक 13 निवासी प्रार्थी तुलेश्वर बघेल (28) भिलाई स्टील प्लांट में ठेकेदारी का काम करते हैं। शिकायत में उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर 2025 को उनके टेलीग्राम अकाउंट पर एक अज्ञात व्यक्ति ने निवेश से कम समय में अधिक लाभ दिलाने का आकर्षक प्रस्ताव भेजा।
- इसके बाद उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर खुद को ब्लैक राक कंपनी का मैनेजर बताया गया। आरोपितों ने ग्रुप में दिए निर्देश के अनुसार अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करने को कहा।
आईडी लाक होने का डर दिखाकर और ऐंठे रुपये
तुलेश्वर ने 21 अक्टूबर को 88 हजार 640 रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर किए। शुरुआत में उन्हें निवेश पर कुछ लाभ दिखाया गया। रकम वापस निकालने का प्रयास करने पर आरोपितों ने उनकी आईडी लाक होने की बात कही और अनलाक करने के लिए 1.50 लाख रुपये जमा करने को कहा। इसके बाद डर के कारण उन्होंने 26 अक्टूबर को दो बार में 74 हजार 250 रुपये, एक बार अपने और दूसरी बार पत्नी के खाते से बताए गए खाते में भेज दिए।
संपर्क बंद कर ग्रुप से निकाला
रकम मिलने के बाद आरोपितों ने संपर्क बंद कर दिया और उन्हें टेलीग्राम ग्रुप से भी हटा दिया। पीड़ित के अनुसार कुल 2 लाख 37 हजार 140 रुपये की ठगी हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।









