खंडवा में पिंजरा तोड़कर भागे तेंदुए का एक सप्ताह बाद भी सुराग नहीं, दहशत में ग्रामीण, खेतों में जाने से भी डर रहे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खंडवा। अहमदपुर-खैगांव क्षेत्र में पिंजरा तोड़कर फरार हुआ तेंदुआ एक सप्ताह बाद भी वन विभाग की पकड़ से दूर है। 18 सितंबर को पिंजरे से निकलकर जंगल की ओर भागे तेंदुए का अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।

दूसरी ओर, जिस लापरवाही के कारण तेंदुआ पिंजरा तोड़कर भागा, उसमें जिम्मेदारी तय करने की कार्रवाई जांच के नाम पर सिमटती नजर आ रही है। ग्रामीणों का सवाल है कि घटना के बाद विभाग ने किसकी लापरवाही मानी और उसके खिलाफ आगे क्या कार्रवाई हुई।

वन विभाग की सर्चिंग और नाइट गश्त जारी है

जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर क्षेत्र में तेंदुए की लगातार आवाजाही से परेशान ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था। तेंदुआ पिंजरे में फंसा, इस दौरान घायल भी हुआ और फिर पिंजरा तोड़कर भाग निकला। घटना के बाद से वन विभाग की सर्चिंग और नाइट गश्त जारी है, लेकिन अब तक तेंदुए की लोकेशन स्पष्ट नहीं हो सकी है।

निगरानी में चूक, अब ग्रामीण भुगत रहे खौफ

ग्रामीणों के मुताबिक पिंजरे की नियमित निगरानी की जानी थी, लेकिन लगातार सफलता नहीं मिलने के बाद निगरानी में ढिलाई बरती गई। इसी दौरान तेंदुआ पिंजरे में फंसा और उसे तोड़कर भागने में सफल हो गया। इससे पिंजरे की फिटनेस, उसकी निगरानी और रेस्क्यू प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

घटना के बाद विभागीय स्तर पर संबंधित कर्मचारियों को नोटिस दिए जाने की बात सामने आई, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि नोटिस के बाद जिम्मेदारी तय करने और दोषियों पर ठोस कार्रवाई का क्या हुआ, यह स्पष्ट नहीं है। संवेदनशील वन्यजीव मामले में यदि लापरवाही हुई तो उसकी जांच में कोताही क्यों बरती जा रही है।

ग्रामीणों को अकेले निकलने से बचने की सलाह

वन विभाग के एसडीओ अजय गुप्ता के अनुसार क्षेत्र में रात्रि गश्त और तलाश की जा रही है। ग्रामीणों के बीच मुनादी कराकर उन्हें अकेले घर से बाहर नहीं निकलने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जंगल क्षेत्र होने के कारण तेंदुए की आवाजाही की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ाई गई है। फिलहाल स्थिति यह है कि तेंदुआ जंगल में है, ग्रामीणों में डर है और वन विभाग उसकी तलाश में जुटा है।

तेंदूआ पिंजरे से भागने के संबंध में मुख्य वन संरक्षक खंडवा वासु कनोजिया से चर्चा करने पर उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में डीएफओ से जानकारी मांगी गई है। तेंदुए की तलाश में टीम जुटी है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें