भारतीय टीम तीसरे वनडे में शानदार जीत से उत्साहित होकर आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज के होने वाले पहले मुकाबले में बढ़े हुए मनोबल के साथ उतरेगी। भारत ने सिडनी में पहले दो वनडे 66 और 51 रन से गंवाए थे, लेकिन कैनबरा में तीसरे मुकाबले में 13 रन की जीत के साथ उसने शानदार वापसी कर ली। कैनबरा के मानुका ओवल मैदान में आस्ट्रेलिया को इस तरह पहली बार का हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम अब इस लय को टी-20 सीरीज में भी बरकरार रखना चाहेगी, जिसका पहला मैच कैनबरा के मानुका ओवल मैदान में ही आज होना है। मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार बाद दोपहर 1.40 बजे से होगी ।









