Bhopal Crime News: भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। निशातपुरा थाना पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर उसके परिचित युवक के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। तीन साल पहले जब फरियादी नाबालिग थी, तभी से आरोपित उसके साथ शादी करने का भरोसा देकर ज्यादती कर रहा था। बालिग होने पर युवती ने शादी करने को कहा, तो आरोपित साफ मुकर गया। इसके बाद युवती ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
निशातपुरा थाना पुलिस के मुताबिक 18 वर्षीय युवती इलाके में अपनी मां के साथ रहती है। उसकी मां एक दुकान चलाती है। इस दुकान पर थान सिंह नाम का युवक अक्सर ही खरीदारी करने आता था। तीन साल पहले जब युवती की उम्र 15 साल थी, तब उसकी पहचान थानसिंह से हो गई थी। मई 2018 में एक दिन थान सिंह नाबालिग के घर पहुंचा। उस समय वह घर में अकेली थी। इस बात का फायदा उठाते हुए थान सिंह ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। नाबालिग ने जब माता-पिता व पुलिस को यह बात बताने की धमकी दी तो थान सिंह ने कहा कि वह उससे प्रेम करता है। उसके बालिग होते ही वह उसके साथ शादी करेगा। इसके बाद थानसिंह ने शादी करने का झांसा देते हुए नाबालिग का शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया था। वह थानसिंह से जब भी शादी करने की बात कहती तो वह कहता था कि 18 साल उम्र होने से पहले शादी करना संभव नहीं है। पिछले दिनों जब किशोरी बालिग हो गई तो उसने थान सिंह पर शादी के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। इधर थान सिंह ने युवती से किनारा करना शुरू कर दिया। हाल ही में युवक ने जब शादी करने से मना कर दिया तो युवती ने पूरी बात अपने परिवार के लोगों को बताई तथा थाने में जाकर शिकायत कर दी। पुलिस ने दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








