स्काई एलॉयज में हुआ बड़ा हादसा, सेलो टैंक में दबकर तीन श्रमिकों की मौत, दो घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रायगढ़। रायगढ़ जिले के खरसिया विधानसभा के ग्राम टेमटेमा में स्थित स्काई एलॉयज फैक्ट्री में सेलो टैंक गिरने से तीन कर्मचारी की मौत हो गई है। जबकि कुछ लोगों की घटना में घायल होनें की खबर है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। इस घटना देखते हुए रायगढ़ से पुलिस बल खरसिया रवाना किया गया है।

 

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टेमटेमा में स्थित स्काई एलॉयज में रोजाना की भांति यहां श्रमिक काम कार्य रहे थे। इसी दौरान आज सुबह 11 बजे सेलो टैंक के अचानक गिर जाने से वहां कार्यरत श्रमिक उसकी चपेट में आ गए जिससे मौके पर ही एक तीन श्रमिकों मुनीलाल राम पिता मोती चंद राम 40 वर्ष निवासी बनिया छापर थाना कटिया जिला गोपाल गंज बिहार, यादराम सारथी पिता लक्ष्मण सारथी उम्र 25 वर्ष निवासी टेमटेमा थाना खरसिया जिला रायगढ़, बसंत यादव निवासी बिहार की दर्दनांक मौत हो गई। जबकि दो श्रमिक शिव जायसवाल निवासी ग्राम पिरदा जिला जांजगीर चांपा, बच्चा प्रसाद जिला छपरा बिहार निवासी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।

प्लांट के भीतर हुए घटना से पूरे प्लांट में अफरा तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे श्रमिकों को निकालने का प्रयास कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा भी घटना स्थल पर पहुंचे। आशंका जताई जा रही है कि इस दुर्घटना में घायलों का आंकड़ा और अधिक बढ़ सकता है। चूंकि जिस वक्त यहां सेलो टैंक गिरा यहां कई मजदूर अपने काम में व्यस्त थे। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोग आक्रोशित हैं और धीरे धीरे यहां तनाव बढ़ते जा रहा है। इस बड़ी दुर्घटना को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से रायगढ़ से अतिरिक्त पुलिस बल खरसिया के लिए रवाना कर दिया गया है।

इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि स्काई एलॉयज में आज सुबह सेलो टैंक अचानक भरभरा कर गिर गया जिससे मौके पर ही तीन की मौत हो गई। वहीं दो घायलों को उपचार के लिए खरसिया अस्पताल भिजवाया गया है। उन्होंने बताया कि मलबे में दबे दो श्रमिकों का शव निकाला जा चुका है। जबकि तीसरे मृतक का शव टैंक में फंसे होनें के कारण उसे निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें