बिलासपुर।Bilaspur Crime News: चोरों ने पेंड्रा के दुर्गा चौक स्थित सोने चांदी की दुकान को निशाना बनाते हुए जेवर पार कर दिए। साथ ही चोरों ने सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर पार कर दिया। इससे दुकान में घुसे चोरों की सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल पाएगी। घटना की जानकारी ज्वेलरी दुकान के मालिक को शनिवार की सुबह मिली। उन्होंने थाने में इसकी सूचना दी है। इस पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा स्थित दुर्गा चौक मुख्य मार्ग में संजय ज्वेलर्स के नाम से सोने-चांदी के गहनों का शोरूम है। चौक में ही संजय ज्वेलर्स के आसपास और भी ज्वेलरी की की दुकानें हैं।
ज्वेलरी शॉप के मालिक संजय सोनी दुकान के पीछे बने मकान में रहते हैं। शनिवार की सुबह जब वे टहलने के लिए निकले तो उन्होंने देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है। दुकान के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। वहीं सोने चांदी के जेवर गायब थे। संजय ने घटना की जानकारी स्वजन को देकर पेंड्रा थाने में शिकायत की है। इस पर पुलिस ने मौके की जांच की है।
आसपास की दुकानों से निकाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
पुलिस ने घटना की सूचना पर मौके का मुआयना किया है। इसके बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास की दुकानों से सीसीटीवी फुटेज ले लिए है। इसकी बारीकी से जांच की जा रही है। वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदेशों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
शहर के बीच स्थित दुर्गा चौक के दुकान में चोरी की घटना से पुलिस की गश्त पर सवाल उठने लगे हैं। दो साल पहले भी इसी तरह दुर्गा चौक के ज्वेलरी शॉप में चोरी हुई थी। इसके बाद भी नगर में गश्त को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसके कारण चोरों के हौसले बुलंद है।









