Bhopal Accident News: अलग-अलग इलाकों में हुए हादसों में दो लोगों की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। राजधानी में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी क्रम में पिछले दिनों दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में घायल दो लोगों की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना मिसरोद और खजूरी सड़क थाना इलाके में हुई थीं।

खजूरी सड़क थाने के एसआइ श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि 50 वर्षीय नंदकुमार चडानी पुत्र चमनदास चडानी सीआटीओ बैरागढ़ में परिवार के साथ रहते थे। वह स्वयं का ऑटो चलाते थे। 23 सितंबर को वह किसी काम से स्कूटर से खजूरी इलाके में आए थे। रात के समय वह वापस अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे वह भौंरी गांव के जोड़ के पास पहुंचे थे, तभी एक अन्य स्कूटर के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी थी। सिर में चोट लगने के कारण नंदकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार रात को नंदकुमार ने दम तोड़ दिया। पुलिस आरोपित स्कूटर के चालक की तलाश कर रही है। इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

उधर मिसरोद थाना इलाके की आकृति इकोसिटी में रहने वाले आशुतोष तिवारी (24) की सोमवार रात अरेरा कॉलोनी स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। आशुतोष 23 सितंबर को किसी काम से भोजपुर की तरफ गए थे। वहां से वापस लौटते समय दीपड़ी गांव के पास आशुतोष की बाइक फिसल गई थी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। वह तभी से उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती थे। पुलिस ने दोनों मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें