रायगढ़ । चंद्रपुर पुल में आज दोपहर एक ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक बाईक को ठोकर मार दी। इस घटना में बाईक सवार चाचा-भतीजे की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर बालपुर थाना चंद्रपुर निवासी सुदामा मांझी 32 साल अपने परिवार के साथ चंद्रपुर पिकनिक मनाने आया हुआ था। इस दौरान वह अपने तीन साल के भतीजे करण मांझी पिता सुंदरलाल मांझी 3 साल के साथ नाथलदाई मंदिर दर्शन कर जैसे ही वह अपनी मोटर सायकल क्र. सीजी 13 जे 2523 से पुल पर चढ़ा ही था कि पीछे से एक ट्रक चालक के द्वारा लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में मौके पर ही बाईक सवार चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई।
इस सड़क दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों के द्वारा पुल पर ही चक्काजाम शुरू कर दिया गया। जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाईश देने के साथ तत्कालीक सहायता के रूप में मृतक के परिजनों को 50 हजार रूपए मुआवजा राशि दी गई जिसके बाद पुल से चक्काजाम समाप्त हो पाया।








