पति की प्रॉपर्टी के लिए मां ने ली बेटी की जान, दूसरी को भी मारने का था प्लान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पति की संपत्ति पर कब्जा करने के लिए अपनी छह साल की बेटी की हत्या करने वाली महिला को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची का शव बीते महीने 12 नवंबर की रात को पुलिस कमिश्नर ऑफिस से 500 मीटर दूर सेक्टर-108 के जेपी फ्लाईओवर के पास पार्क में पड़ा मिला था। पोस्टमॉर्टम में खुलासा हुआ था कि बच्ची की गला दबाकर हत्या की गई थी।

जानकारी के अनुसार, मूलरूप से अलीगढ़ के चंडौस निवासी रामकुमार फिलहाल अपने परिवार के साथ हाल नोएडा सेक्टर-93 स्थित श्रमिक कुंज-2 में रहते हैं। उनकी छह साल की बेटी हनी 11 नवंबर को दोपहर को घर के बाहर पार्क में खेल रही थी। इसी बीच वह संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। परिजनों ने फेज-2 थाने में अपहरण का केस दर्ज कराया था। अगले दिन बच्ची का शव एक पार्क में पड़ा मिला था।

 

पुलिस को उस समय ही परिवार के बेहद करीबी पर शक था, लेकिन घर का माहौल देखते हुए पुलिस ने पूछताछ नहीं की। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बच्ची के पिता और मां से पूछताछ की। पुलिस जांच के दौरान सामने आया है कि बच्ची की मां अनुराधा ने ही हत्या की है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

अनुराधा की दो शादियां हुईं हैं। पहले पति और दो बेटियों को छोड़ महिला ने 2010 में रामकुमार से दूसरी शादी की थी। दोनों की चार बेटियां हैं। दो बेटियों को उन्होंने रिश्तेदारों को गोद दे रखा है, जबकि मृतका हनी और कीर्ति उनके पास ही रहती थीं।

 

पुलिस का कहना है कि बेटा न होने से पति सारी संपत्ति परिजनों को देना चाहता था। उसकी संपत्ति पर कब्जा करने के लिए महिला ने बेटी की हत्या कर दी। वह इस हत्या में अपने पति को फंसाना चाहती थी। हत्या करने के बाद दवाई लेने के बहाने वह ग्रेटर नोएडा चली गई थी। आरोपी महिला ने खुलासा किया कि वह दूसरी बेटी की भी हत्या करने की फिराक में थी।

 

जब अनुराधा को पता चला कि उसका पति रामकुमार नोएडा का फ्लैट और पुश्तैनी संपत्ति अन्य परिजनों के नाम करना चाहता है तो उसने उनसे बात की। उसने रामकुमार से कहा कि वह नोएडा का फ्लैट उसके नाम कर दे। इस पर पति ने इनकार कर दिया। इसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें