छत्तीसगढ़ में केवल विदेश से आने वाले ही नहीं अब ओमिक्रॉन प्रभावित राज्यों दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात से आने वालाें की भी निगरानी की जाएगी । ओमिक्रॉन वैरिएंट के देश के अन्य राज्यों में बढ़ते केस काे देखते हुए नई रणनीति बनाई जा रही है । प्रदेश में दूसरी लहर के दौरान महाराष्ट्र से ही डेल्टा वैरिएंट की एंट्री हुई थी । वहीं, प्रदेश में सोमवार को कोरोना के 44 नए मरीज मिल हैं, जिसमें रायपुर के 4 केस शामिल है ।
वही 211 नए विदेशी यात्री पहुंचे हैं । जानकारी के मुताबिक पहले 239 विदेश से लौटे यात्रियों की सूची मिली थी । इसमें दो कोरोना पाजिटिव आए थे । लेकिन इनमें ओमिक्रोन की पुष्टि नहीं हुई है । इधर रायपुर में 26 नए विदेशी यात्रियों की सूची मिली, जिनकी जानकारी खंगाली जा रही है । इससे पहले रायपुर में 76 विदेशी यात्रियों की जांच रिपोर्ट भेजी गई थी । सभी निगेटिव आए हैं । अब तक राजधानी में 177 विदेशी यात्री आए हैं । इसमें से करीब 16 से अधिक लोगों की जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है । राज्य कोरोना नियंत्रण अभियान के नोडल अधिकारी डाक्टर सुभाष ने बताया कि प्रदेश में अब तक ओमिक्रोन वायरस के मामले नहीं आए हैं । लेकिन अपनी तरफ से सतर्कता बरती जा रही है । केंद्र सरकार द्वारा विदेश से लौटे यात्रियों की सूची मिलने के बाद उसे तुंरत जिलों को भेजे जा रहे हैं । जहां से उन्हें ट्रेक कर होम आइसोलेशन, जांच जैसी प्रक्रियाएं की जा रही है । यदि कोई यात्री विदेश से लौटा हो तो उसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराएं । कोरोना के नए वैरिएंट का पता लगाने के लिए प्रदेश में पाजिटिव केस के पांच फीसद सैंपल जीनोम सिक्वेसिंग जांच के लिए विशाखापटनम भेजे जा रहे हैं । अब तक 3000 से अधिक सैंपल जीनोम सिक्वेसिंग के लिए भेजे गए हैं । इसमें शुरुआती समय में करीब एक हजार डेल्टा वैरिएंट सामने आए थे । वर्तमान में नए वैरिएंट ओमिक्रोन की पुष्टि नहीं हुई है ।








