मार्च के महीने में ही गर्मी ने छुटाए पसीने, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजधानी दिल्ली में मार्च के महीने में ही गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। शनिवार के दिन दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री ज्यादा रहा। यह लगातार पांचवा दिन है जब अधिकतम पारा चार डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा के अंक पर बना हुआ है।

दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में शनिवार की सुबह से ही तेज चमकदार सूरज निकला रहा। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तेज हो गई। दोपहर के समय तो लोगों को खासी गर्मी महसूस हुई। आमतौर पर मार्च के महीने में गुलाबी ठंड का अहसास बना रहता है। लेकिन, इस बार अभी से ही गर्मी पसीने छुड़ाने लगी है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में शनिवार दिन का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो कि सामान्य से छह डिग्री ज्यादा है। जबकि, न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है।

यहां पर आर्द्रता का स्तर 94 से 38 फीसदी तक रहा। दिल्ली के आयानगर इलाके में सबसे ज्यादा गर्मी रही। यहां का अधिकतम पारा 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन-चार दिनों के बीच तेज गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं है। दिन भर तेज धूप के चलते अधिकतम पारा 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।

दिल्ली में पिछले पांच दिनों से लगातार ही अधिकतम पारा सामान्य से चार से लेकर छह डिग्री ज्यादा चल रहा है। शनिवार के दिन अधिकतम पारा 36.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले गुरुवार के दिन अधिकतम पारा 36.1 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया था।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें