पुण्यतिथि पर दी गई बाबूजी को श्रद्धांजलि, 17वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धापूर्वक याद किए गए ओमप्रकाश जिंदल, पूरे दिन संयंत्र, आसपास के गांवों और शहर में हुए अनेक कार्यक्रम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रायगढ़. जिंदल समूह के संस्थापक और भारतीय उद्यमिता की धाक पूरी दुनिया में जमाने वाले ओमप्रकाश जिंदल की 17वीं पुण्यतिथि पर जेएसपीएल परिवार ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यपालन निदेशक सुधांशु पाठक द्वारा बाबूजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रमों की शुरूआत हुई। फिर पूरे दिन श्रीमद्भगवत गीता का पाठ चलता रहा। इसके अलावा ओपी जिंदल स्कूल, फोर्टिस-ओपी जिंदल अस्पताल, आशा-द होप, ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी, ओपी जिंदल कम्यूनिटी कॉलेज में भी श्रद्धांजलि दी गई।

 

31 मार्च को ओपी जिंदल की 17वीं पुण्यतिथि मनाई गई। संपूर्ण जिंदल उद्योग समूह के साथ रायगढ़ में भी इस अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। सुबह 8 बजे जेएसपीएल परिसर में सेंट्रल बेरियर के पास स्थित श्री जिंदल की प्रतिमा पर कार्यपालन निदेशक सुधांशु पाठक ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। फिर सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर परिक्रमा की। इसके बाद परिसर स्थित मंदिर में श्रीमद्भगवत गीता का पाठ शुरू हुआ। यह पाठ देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान जेएसपीएल के सभी विभागों के प्रमुख तथा अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

 

सीएसआर विभाग द्वारा भी पूरे दिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आशा-द होप में सर्वधर्म प्रार्थना सभा हुई। इसमें जिंदल लेडिज क्लब की अध्यक्षा श्रीमती सुजाता सरावगी व अन्य वक्ताओं ने बाबूजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी उपस्थितों को उनके बताए हुए रास्ते पर चलते हुए जीवन में प्रगति के लिए प्रेरित किया।

 

इस दौरान जिंदल लेडिज क्लब की श्रीमती सुमन चौहान, श्रीमती अर्चना त्रिवेदी, श्रीमती नीरू शर्मा, श्रीमती गुरदीप कौर, श्रीमती धैर्य लक्ष्मी, श्रीमती सीमा कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में आशा- द होप के बच्चों और उनके परिजनों के साथ सीएसआर टीम मौजूद रही। सीएसआर टीम ने जय बूढ़ी मां आश्रम, कोसमनारा एवं कौहाकुंडा स्थित वृद्धाश्रम में सूखा राशन का वितरण किया। ओपी जिंदल कम्यूनिटी कॉलेज, पूंजीपथरा में भी श्री जिंदल को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान स्टाफ एवं प्रशिक्षार्थियों ने श्री जिंदल को पुष्पांजलि अर्पित की।

 

ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी में भी दी गई श्रद्धांजलि
ओपी जिंदल विश्वविद्यालय परिसर में जिंदल समूह के संस्थापक ओपी जिंदल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यूनिवर्सिटी में इस अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें कुलपति डाॅ. आरडी पाटीदार ने स्व. जिंदल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने श्री जिंदल को याद करते हुए कहा कि वे हम सभी के प्रेरणास्रोत हैं और उन्होंने सभी को उनके बताए रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया।

 

पूंजीपथरा एवं तुमीडीह में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर
बाबूजी की पुण्यतिथि के अवसर पर पूंजीपथरा स्थित स्टील स्ट्रक्चरल डिवीजन में यूनिट हेड कौशल शर्मा ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मेडिकल एड पोस्ट पूंजीपथरा एवं ग्राम तुमीडीह में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यहां मरीजों को निशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

 

सामाजिक एवं औद्योगिक विकास के लिए अवदानों को किया गया याद
श्री जिंदल की पुण्यतिथि के अवसर पर ओपी जिंदल स्कूल रायगढ़ में प्राचार्य आरके त्रिवेदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। स्कूल परिसर स्थित आॅडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में श्री त्रिवेदी ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करते हुए सामाजिक एवं औद्योगिक विकास के लिए उनके अवदानों को याद किया। इस अवसर पर स्कूल के टीचर्स, स्टाफ एवं स्टूडेंट्स ने भी श्री जिंदल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें याद किया।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें