रायगढ़ । कोतरारोड थाने में आरक्षक और ट्रक ड्राइवर से मारपीट मामले के सभी आरोपियों ने आज सिटी कोतवाली मे सरेंडर किया। इस दौरान कोतवाली में खुद विधायक प्रकाश नायक भी मौजूद थे। साथ ही समर्थकों की भीड़ थाने के सामने मौजूद रही। मारपीट मामले में तीन दिन से घटना के आरोपी थे।
तीन दिन पहले कोतरा रोड थानान्तर्गत एक ड्राइवर के साथ मारपीट और थाने के अंदर घुसकर आरक्षक के साथ मारपीट की घटना हुई थी जिस पर पुलिस ने रितिक नायक व उनके अन्य साथियों के ऊपर कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी। यही नहीं एक युवक को गिरफ्तार भी किया गया था। लेकिन विधायक के बेटे की गिरफ्तारी को लेकर दवाब बढ़ता जा रहा था इसी बीच मंगलवार को विधायक अन्य कांग्रेसी नेताओं और अपने बेटे रितिक नायक सहित अन्य आरोपियों के साथ कोतवाली थाने पहुंच गए।
खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद मुख्यमंत्री से इस संबंध में सवाल पूछे गए थे जिसके जवाब में उन्होंने कहा था कि जब मुख्यमंत्री का पिता गिरफ्तार हो सकता है तो विधायक का बेटा भी गिरफ्तार हो सकता है। इसमें कानून अपना काम करेगी। पुलिस द्वारा भी लगातार यह प्रयास किया जा रहा था कि विधायक के बेटे की गिरफ्तारी हो जाये।









