छत्तीसगढ़ कोंडागांव जिले में एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक युवक और उसकी प्रेमिका को नंगा कर पूरे गांव में घुमाया गया है। इस बेहद ही संवेदनशील मामले के प्रकाश में आने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है। कहा जा रहा है कि इस भयानक कृत्य का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके बाद पुलिस ने मामले में अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
फरसगांव SDOP मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि, उड़न्दाबेड़ा इलाके के रहने वाले एक शादीशुदा युवक का इलाके की ही एक युवती के साथ पिछले कई दिनों से प्रेस प्रसंग का मामला चल रहा था। युवक का अपनी प्रेमिका के घर आना-जाना लगा रहता था।
जब शनिवार को पत्नी को इस बात की भनक लगी तो वह अपने पति के प्रेमिका के घर पहुंच गई। जहां पहले से ही पति और युवती दोनों साथ में एक कमरे में बैठे मिले। इस बात से नाराज पत्नी ने शोरगुल कर ग्रामीणों को इकट्ठा कर लिया।
फिर एकाएक ग्रामीणों की भीड़ पहुंचती गई। जिन्होंने युवक और उसकी प्रेमिका को इस गलती की सजा के तौर पर पहले पीटा, फिर दोनों के कपड़े उतरवा लिए। इसके बाद नग्न अवस्था में दोनों को गांव में घुमाया गया। फिर अलग-अलग लकड़ी में दोनों के हाथ बांध कर जमीन में बिठा दिया। इसी बीच वहां मौजूद एक ग्रामीण ने इनकी वीडियो भी बना ली।
जब इस मामले की जानकारी पुलिस को मिली तो 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। SDOP ने बताया कि, अभी कार्रवाई चल रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही सारी जानकारी दी जाएगी। घटनाक्रम का फोटो-वीडियो वायरल होने के बाद पूरे मामले का पता चल पाया है।








