रायगढ़। इस वक़्त की बड़ी खबर रायगढ़ जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र से निकलकर सामने आ रही है। जहां एक पति ने मामूली सी बात पर अपनी ही पत्नी की हत्या कर शव को दफना कर फरार हो गया है। घटना की सूचना के बाद आज उच्च अधिकारियों की उपस्थिति में शव को कब्र से बाहर निकाला जाएगा।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चिरईखार निवासी इंदर साय और उसकी पत्नी के बीच रविवार को पारिवारिक कलह इतना बढ़ गया कि पति ने तैस में आकर अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नही आरोपी ने अपना अपराध छुपाने के इरादे से शव को दफना कर गांव से फरार हो गया है।
बताया जा रहा है कि गांव वालों को इस घटना की भनक लग गई और उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दे दी है। अनुविभागीय अधिकारी के समक्ष आज मृतिका का शव कब्र से बाहर निकाला जाएगा। हत्या और साक्ष्य छुपाने शव दफन करने के इस मामले के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है।
बहरहाल मृतिका के पोस्टमार्टम और महिला के गिरफ्तार होने के बाद ही इस मामले का पूरा सच सब के सामने आ सकेगा। पुलिस महिला के पति की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
क्या कहती है पुलिस
इस पूरे मामले में धरमजयगढ़ एसडीओपी दीपक मिश्रा का कहना है कि ये मामला हत्या का है या सामान्य मौत का ये मामले की जांच के बाद पता चलेगा। उनका यह भी कहना है कि मृतिका के शव को निकालने की अनुमति SDM से मिल गई है और शव को निकालने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही ये पता चल सकेगा कि मामला हत्या का है या नहीं ?









