रायपुर । दुपहिया वाहन में सवार होकर फिल्मी अंदाज में लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने अपने हत्थे चढ़ाया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए मोबाईल के अलावा घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाइ की जा रही है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी भूपेश कुमार मरकाम ने थाना न्यू राजेन्द्र नगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह 16 दिसंबर को शाम 05 बजे अपने दोस्त राबिन मांझी के घर जाने के लिये गरियांबद से रायपुर आकर पचपेड़ी नाका से आटो में बैठकर काली मांई तिराहा के सामने शाम करीबन 05.30 बजे उतकर कर अंडर ब्रिज के पास काली मांई मंदिर के सामने खड़े होकर अपने मोबाईल फोन से दोस्त राबिन को बुलाने के लिये फोन से बात कर रहा था। इसी दौरान पचपेड़ी नाका की ओर से बाईक सवार दो व्यक्ति प्रार्थी के पास आकर प्रार्थी के हाथ से उसका मोबाईल फोन लूट कर फरार हो गये। जिस पर आरोपियों के विरूद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में धारा 392, 34 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
लूट की उक्त घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध अभिषेक माहेश्वरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम देव चरण पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती राजेश चौधरी, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम दिनेश सिन्हा, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी न्यू राजेन्द्र नगर को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी, उसके दोस्त सहित आस-पास के लोगों से विस्तृत पूछताछ कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ घटना स्थल व उसके आस-पास लगे सी.सी.टी.व्ही कैमरों के फुटेजों का अवलोकन किया गया।
साथ ही अज्ञात अरोपियों की पतासाजी हेतु प्रकरण में मुखबीर भी लगाये गये। इसी दौरान टीम के सदस्यों को घटना में संलिप्त आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा कबीर नगर निवासी दुर्गेश यदु उर्फ मोनु तथा प्रदीप मलिक को पकड़ा गया। घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों के द्वारा उक्त लूट की घटना को कारित करना स्वीकार किया गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट का 01 नग मोबाईल फोन एवं घटना में प्रयुक्त 02 नग मोबाईल फोन तथा 01 नग दोपहिया वाहन जुमला कीमती लगभग 90,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवही की गई।








