Khandwa News: खंडवा में आंधी से गिरी मकान की दीवार, एक बच्चा हुआ घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Khandwa News: खंडवा, रविवार देर रात को मौसम में बदलाव के साथ चली आंधी ने तांडव मचा दिया। खंडवा में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पेड़ गिर गए। वहीं खानशाहवली वार्ड में कच्चे घर पर निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई। जिससे टीन की छत और मलबे में दबने से परिवार के दो बच्चे घायल हो गए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आस-पास के लोगों ने बाहर निकाला

रविवार रात करीब दो बजे चली आंधी से खानशाहवली वार्ड में गौसिया मस्जिद के पास एक निर्माणाधीन मकान की दीवार पास ही रहने वाले मौलाना आसिफ के घर पर गिर गई। टीन की छत पर दीवार गिरते ही चीख-पुकार मच गई। घर में मौलाना आसिफ और उनकी पत्नी हुसैना बी के अलावा दो बच्चे भी थे जो मलबे में दब गए। आसपास के लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया।

हादसे के बाद हो गया था बेहोश

मौके पर क्षेत्रीय पार्षद शब्बीर कादरी भी पहुंचे। उन्होंने हादसे में घायल आठ वर्षीय शेख असद रजा को जिला अस्पताल पहुंचाने में मदद की। छह वर्षीय शेख अजहर रजा को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले गए। हालांकि कुछ देर बाद उसे होश गया गया। अधिक चोट नहीं होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद अजहर को छुट्टी दे दी गई।

सो रहे थे और टीन की छत आ गिरी

परिवार के मौलाना आसिफ ने बताया कि हम सोये हुए थे, अचानक धड़ाम की आवाज के साथ टीन की छत हम पर आ गिरी। गनीमत रही कि हादसे में जनहानि नहीं हुई। इधर आंधी के चलते शहर के नाकोड़ानगर, पीडब्लूडी कालोनी, शिक्षक नगर, ब्रज नगर और पालीटेक्निक कालेज के सामने पेड़ गिर गए। सुबह से निगम की टीम अलग-अलग स्थानों पर पेड़ हटाकर आवागमन सुचारू करने में लगी रही।
samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें