जगदलपुर। शहर के इंदिरा स्टेडियम के पास खड़ी एक ब्रेज़ा कार में युवक का शव मिलने से शनिवार सुबह इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने कार में युवक को अचेत अवस्था में देखा और बोधघाट थाना पुलिस को सूचना दी।
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान वृंदावन कॉलोनी निवासी शोभाराम देहारी के रूप में हुई है। वे छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कार्पोरेशन के नियानार कार्यालय में एसडीओ के पद पर पदस्थ थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक रात से कार में था। शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस के अनुसार मौत हृदयाघात या अन्य चिकित्सकीय कारणों से हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।
मामले की जांच की जा रही
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।









