जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के ग्राम बहदन में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने से पीछे आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
कठौंदा के ग्रीन सिटी निवासी यशवंत पटेल उर्फ साहिल अपने भाइयों और दोस्तों के साथ भेड़ाघाट स्थित एक रिसॉर्ट में विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद सभी देर रात कार से लौट रहे थे। रात करीब 3:30 बजे भेड़ाघाट बायपास पर जेसीबी कंपनी के सामने चल रहे ट्रक ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। तेज रफ्तार के कारण कार चालक यशवंत वाहन नियंत्रित नहीं कर पाए और कार सीधे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक यशवंत पटेल (22) और बगल में बैठे सौरभ पटेल (25) के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे हर्ष पटेल, अभिनव पटेल और नमन तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तत्काल दमोहनाका स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
भेड़ाघाट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और अचानक ब्रेक लगाकर दुर्घटना का कारण बनने का मामला दर्ज किया है।
नागा घाटी में लगातार हादसे, लगा लंबा जाम
नागा घाटी क्षेत्र में लगातार सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। गुरुवार रात करीब 8 बजे घाटी से उतरते समय रेत से लदा एक हाईवा अनियंत्रित होकर ट्राला से टकरा गया। इसके अगले दिन शुक्रवार को कोयले से भरा ट्रक भी बेकाबू होकर सड़क किनारे नाली में जा फंस गया, जिससे मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण शारदा नगर तिराहा और नागा घाटी क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो रहा है। स्थानीय सरपंच आशीष शुक्ला ने बताया कि घाटी में आए दिन लोडेड वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से खतरनाक मोड़ और ढलान पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।
विवाह से लौटते समय युवक की मौत
जबलपुर के पनागर थाना क्षेत्र में भी एक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। पिपरिया कुशनेर निवासी अमन पटेल (33) गुरुवार को रैपुरा में विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात मोपेड से लौटते समय कुशनेर रिंग रोड ब्रिज के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









