धार। बदनावर इलाके में ग्राम साकतली निवासी चार छात्राओं का शनिवार सुबह 10 बजे ग्राम बखतगढ़ में स्कूल जाते समय तीन बदमाशों ने अपहरण करने का प्रयास किया। लेकिन छात्राओं की सजगता के कारण बदमाश असफल रहे।
शोर मचाने पर लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस थाने पर ले गए। वे इको में सवार होकर आए थे। जानकारी के मुताबिक दो महिलाएं तथा एक पुरुष मास्क लगाकर स्कूल जा रही इन छात्रों को चॉकलेट देने के बहाने पास में गए और उन्हें पकड़कर वेन में बैठाने का प्रयास किया।
पकड़ी गई महिलाओं और पुरुष से हो रही पूछताछ
घटना बखतगढ़ में लालघाटी चौराहे के पास हुई। वहां से कुछ दूरी पर स्कूल स्थित है। लड़कियां रोजाना एक किमी दूर गांव से पैदल ही स्कूल आती जाती हैं। उनकी आयु 10 से 15 साल के बीच बताई गई है।
इस घटना के कारण दोनों गांव में सनसनी फैल गई और घबराए हुए परिजन अपने बच्चों की सलामती जानने के लिए स्कूल भी पहुंचे। कई लोग बदनावर पुलिस थाने पर गए। पुलिस इन महिलाओं से पूछताछ कर रही है। इनके सहयोगी पुरुष गाड़ी सहित भाग निकले। गिरोह में और भी बदमाशों के शामिल होने की आशंका है।









