देवास में एबी रोड पर टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाके के बाद लगी आग, तीन की मौत, कई झुलसे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 देवास। एबी रोड पर जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर टोंककला के समीप स्थित पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार को अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। जोरदार धमाकों से आसपास का क्षेत्र गूंज उठा। हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हो चुकी है। धमाका इतना भीषण था कि सड़क तक मांस के लोथड़े उड़कर आ गए। वहीं कई शव भी सड़क तक उड़कर पहुंच गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में तीन श्रमिकों के की मौत की पुष्टि हो गई है। वहीं 23 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका प्रकट की जा रही है। पटाखा फैक्ट्री के चारों ओर धुआं ही धुआं नजर आ रहा है। आसपास लोगों की भीड़ लगी हुई है। यहां काम कर रहे श्रमिक बिहार के अररिया जिले के बताए जा रहे हैं। जिला अस्पताल से अब तक 11 घायलों को रेफर किया गया है। अमलतास और इंदौर के चोइथराम अस्पताल भी घायल भेजे गए हैं।

धमाके से फैक्ट्री के शेड के टीन हाईवे पर तक उड़कर आ गए। सूचना मिलते ही कलेक्टर, एडीएम और एसडीम सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत कार्य को लेकर आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। संभागायुक्त, डीआईजी, कलेक्टर, एडीएम सहित बड़ी संख्या में अधिकारी पहुंचे।
फैक्ट्री में अब भी भारी मात्रा में बारूद और बने हुए पटाखे मौजूद है। प्रशासन की टीम आग पर काबू करने के बाद पूरे एरिया को सैनिटाइज करने में जुटी हुई है। संभागायुक्त आशीष सिंह के मौके पर पहुंचने पर भीड़ ने उन्हें घेर लिया और आक्रोश व्यक्त करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया।
मौके पर पहुंचे संभाग आयुक्त आशीष सिंह को लोगों ने घेरा और जमकर नारेबाजी की।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर घायलों को देवास के जिला अस्पताल के लिए रवाना किया गया। सुबह 11:25 बजे जिला अस्पताल में एक घायल पहुंचा था। हादसे में कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है।
बिहार के अररिया जिले के निवासी विपिन कुमार ने बताया वह मशीन में काम कर रहे थे इसी दौरान करीब 20 मीटर की दूरी पर जोरदार धमाका हुआ। जाकर देखा तो कई लोग झुलस चुके थे। सूचना देने के बाद करीब पांच घंटे तक भी एंबुलेंस नहीं पहुंची थी। यदि समय पर आ जाती तो संभव था कुछ लोगों की जान बच जाती। आग कैसे लगी इसके बारे में हमें भी नहीं पता है।
samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें