ग्वालियर नहीं अब इंदौर में सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ, एमपीएल-3 का शेड्यूल जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग (एमपीएल) के तीसरे सीजन का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस बार भी मुकाबलों की मेजबानी इंदौर करेगा। पुरुष वर्ग का यह तीसरा सीजन होगा, जबकि महिला वर्ग की प्रतियोगिता दूसरे संस्करण में प्रवेश कर रही है। लीग के मुकाबले होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज मैदान पर खेले जाएंगे। इस दौरान पुरुष वर्ग में 48 और महिला वर्ग में 12 मुकाबले होंगे।

बता दें, लीग के दोनों सत्र ग्वालियर के नवनिर्मित माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए गये थे। पिछले सत्र में पुरुष वर्ग में भोपाल लेपर्ड्स की टीम ने चंबल घड़ियाल्स को दो रन से हराकर विजेता बनी थी। महिला वर्ग में चंबल घड़ियाल्स को बुंदलेखंड बुल्स ने 26 रन से हराकर पहला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।

पुरुष लीग: ग्वालियर चीता्स बनाम उज्जैन फाल्कंस करेंगे आगाज
टूर्नामेंट का आगाज 3 जून को होगा। उद्घाटन मुकाबले में ग्वालियर चीता्स और उज्जैन फाल्कंस आमने-सामने होंगे। मैच शाम 7:30 बजे होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। महिला वर्ग के मुकाबले 4 जून से शुरू होंगे। पहला महिला मैच चंबल घड़ियाल्स और ग्वालियर शर्नीज के बीच डेली कॉलेज मैदान पर सुबह 10 बजे खेला जाएगा।
महिला वर्ग में इस बार पांच टीमें
इस बार एमपीएल में पुरुष वर्ग में ग्वालियर चीता्स, उज्जैन फाल्कंस, मालवा स्टैलियंस, भोपाल लेपर्ड्स, इंदौर पिंक पैंथर्स, रीवा जगुआर्स, जबलपुर रॉयल लायंस, बुंदेलखंड बुल्स, चंबल घड़ियाल्स और रॉयल निमाड़ ईगल्स जैसी टीमें हिस्सा लेंगी। वहीं महिला वर्ग में ग्वालियर शर्नीज, चंबल घड़ियाल्स, भोपाल वॉल्व्स, बुंदेलखंड बुल्स और रॉयल निमाड़ ईगल्स की टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी।
लीग चरण में अधिकांश मुकाबले दोपहर 3 बजे और शाम 7:30 बजे होंगे, जबकि महिला मैच सुबह 10 बजे आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान 9 जून, 14 जून और 20 जून को ब्रेक डे रखा गया है।
दोनों वर्ग के फाइनल होंगे दूधिया रोशनी में
महिला लीग का एलिमिनेटर मुकाबला 12 जून को और फाइनल 13 जून को होगा। वहीं पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल 25 जून को खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का महामुकाबला यानी फाइनल 26 जून को होलकर स्टेडियम में रात 7:30 बजे खेला जाएगा।
सीईओ बोले…. शेड्यूल जारी
एमपीएल के सीईओ रवि पाटनकर ने बताया कि एमपीएल गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन महानआर्यमन सिंधिया के नेतृत्व में तैयारियां तेज गति से चल रही हैं। मैच और प्रैक्टिस सेशन का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। टीमें बढ़ने से रोमांच बढ़ गया है। हमें भरोसा है इस बार एमपीएल नये कीर्तिमान गढ़ेगा।
samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें