कटनी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में पड़भटा गांव में पैसों के विवाद पर पांच लोगों ने मिलकर एक युवक पर हमला किया और फायर कर दिया। गोली युवक को छूकर निकली और घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और आरोपियों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार दुर्गा प्रसाद कोल पिता अनतराम कोल 35 साल का लालपुर के किसी युवक से पैसों का विवाद था। शनिवार की देर शाम युवक गांव की ही एक दुकान में समान लेने गया था। उसी दौरान पांच लोग आए और युवक से पैसों की बात कहते हुए विवाद करने लगे। इस बीच एक युवक ने पिस्तौल निकाली और फायर कर दिया।
पुलिस ने शटर से टकराकर लगी चोट
युवक ने कहा कि गोली उसे छूकर निकली, जबकि पुलिस का कहना है कि युवक बचने के चक्कर में शटर से टकराया और उसको चोट आई। पिस्तौल मौके पर गिर गया और बदमाश भाग निकले। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी लगने पर स्लीमनाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
आरोपियों की हो रही तलाश
एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि गोली चलने की जानकारी लगी है। टीम आरोपियों की तलाश कर रही है।









