मासिक धर्म के कारण तंत्र क्रिया में शामिल नहीं हुई तो बहू पर फोड़ा टोनही होने का ठीकरा, बालोद में 15 के खिलाफ एफआईआर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में अंधविश्वास और सामाजिक कुरीति से जुड़ा मामला सामने आया है। ससुराल पक्ष के लोगों ने घर में हुई असमय मौतों, परिजनों की बीमारियों और व्यापार में हुए घाटे का सारा ठीकरा अपनी ही बहू के सिर फोड़ दिया। महिला को ‘टोनही’ और जादू-टोना करने वाली करार देकर वर्षों तक अमानवीय मानसिक व सामाजिक प्रताड़ना दी गई। इस मामले में बालोद के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के आदेश के बाद बालोद कोतवाली पुलिस ने ससुराल पक्ष और तांत्रिक सहित 15 लोगों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

गंजपारा निवासी 52 वर्षीय पीड़िता की ओर से प्रस्तुत परिवाद के मुताबिक, विवाद की शुरुआत नवंबर 2020 में बेटियों के विवाह के दौरान हुई थी। पारिवारिक समस्याओं के निवारण के नाम पर नागपुर से कथित पंडित उमेश दवे को बुलाया गया। इसके बाद जब सास कांता बेन की मानसिक स्थिति बिगड़ी, तो झारखंड के माध्यम से धनबाद के एक ज्योतिषी से संपर्क कर ताबीज मंगाए गए और सारा दोष पीड़िता पर मढ़ दिया गया। मासिक धर्म के कारण पूजा में शामिल न हो पाने को भी पीड़िता के जादू-टोना करने का प्रमाण बताकर प्रचारित किया गया।

गुजरात ले जाकर कराई गईं तांत्रिक क्रियाएं

आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग पीड़िता को गुजरात के वड़ोदरा स्थित एक तांत्रिक देवराज सिंह बापू उर्फ देवजी के पास ले गए। वहां दर्जनों लोगों के सामने पीड़िता के हाथ में नींबू देकर दिनभर तंत्र-मंत्र की क्रियाएं कराई गईं और जबरन गलती स्वीकार करने का दबाव बनाया गया। पीड़िता द्वारा दृढ़ता से इंकार करने पर उसके सिर पर नारियल घुमाकर टोटके किए गए और समाज में उसके बहिष्कार का षड्यंत्र रचा गया।

 

सख्त धाराओं में पुलिस जांच शुरू

अदालत के निर्देश पर बालोद पुलिस ने 15 आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 34 तथा छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005 की धारा 4, 5 और 6 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस संगठित मानसिक उत्पीड़न और अंधविश्वास फैलाने वाले तांत्रिकों की भूमिका की सघन तफ्तीश कर रही है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें