रायगढ़. मामूली सी बात पर एक कलयुगी बेटे ने अपनी मां की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आज हत्यारे बेटे को गिरिफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने अपनी जांच में ये भी पाया है कि आरोपी बेटे ने अपनी माँ की हत्या के बाद शव को छिपाने का भी प्रयास किया था मगर आरोपी अपने मंसूबों पर कामयाब न हो सका।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में लैलूंगा पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया है। जानकारी के अनुसार ग्राम कोडामाई निवासी कृष्ण कुमार सिदार पिता स्व0 बीरेश सिदार उम्र 25 साल शराबी तथा झगडेलू किस्म का युवक है। लैलूंगा थाने में कृष्ण कुमार सिदार पर मारपीट का एक अपराध पूर्व में कायम किया गया है। 01 अगस्त को प्रतिदिन की तरह गांव के लोग कृषि व अन्य कार्य व्यस्त थे। दोपहर करीब 03ः30 बजे कृष्ण कुमार सिदार शराब पीकर घर आया और उसकी मां पार्वती सिदार को धान साफ क्यों नहीं की है कहकर लडाई झगडा कर रहा था। झगड़ा विवाद इतना बढ़ गया कि कृष्ण कुमार सिदार ईंटा और लकडी का टुकडा से मारपीट कर उसकी मां की हत्या कर दिया फिर शव को छिपाने के लिये घर के पीछे खाद के गड्ढे में लेकर जाकर छिपा दिया।
कृष्ण कुमार सिदार के घर के पास रहने वाली उसकी चचेरी बहन गुलापी सिदार दोनों मां-बेटे के लड़ाई झगड़ा को देखी थी, जो गांव के लोगों को बताई। घटना की सूचना डॉयल 112 और लैलूंगा थाना प्रभारी निरीक्षक रूपेन्द्र कुमार साय को मिलने पर तत्काल स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी आरोपी को हिरासत में लेकर शव पंचनामा कार्रवाई कर रिपोर्टकर्ता कु. गुलापी सिदार पिता स्व. श्रवण कुमार सिदार उम्र 18 वर्ष साकिन कोडामाई सिदारपारा थाना लैलूंगा के रिपोर्ट पर आरोपी कृष्ण कुमार सिदार पिता स्व0 बीरेश सिदार उम्र 25 साल निवासी कोडामाई सिदारपारा थाना लैलूंगा के विरूद्ध धारा 302,201 भादवि का अपराध दर्ज कर आरोपी को आज गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है।









