रायपुर में दिनदहाड़े एक महिला को दो शातिर ठगों ने अपने जाल में फंसा लिया। महिला को बातों-बातों में ठगों ने इस कदर लूटा की उसे इस बात की भनक तक नहीं लगी कि उसके साथ आखिर हुआ क्या है। न कोई छीना-झपटी, न कोई जोर जबरदस्ती। लोगों की आंखों के सामने महिला ने ठगों के हाथ में अपने जेवर दे दिए और बदमाश फरार हो गए। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई और अब डीडी नगर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर महिला से ठगी करने वाले बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
इन ठगों का शिकार होने वाली महिला का नाम सरस्वती सोनकर है। यह डंगनिया की सोनकर बाड़ी में अपने परिवार के साथ रहती हैं। गृहणी हैं। संडे की दोपहर लगभग 3:00 बजे अपनी भतीजी फाल्गुनी को लेकर दवा की दुकान पर गई हुई थीं। सुंदर नगर के एक मेडिकल स्टोर से दवा ली और वापस आ रही थीं। लगभग 3:30 बजे के आसपास आदर्श स्कूल के पास अपनी भतीजी के साथ पहुंची ही थीं कि पीछे से आ रहे दो युवक इनकी तरफ बढ़े। इसमें से एक युवक ने इन्हें आवाज देकर कहा- बहन जरा रुकिए, मुझे कविता शर्मा नाम की डॉक्टर के पास जाना है, क्या मुझे इसका पता बता देंगी। इस पर महिला ने कहा कि वह इस एड्रेस को नहीं जानती। वह वापस लौटने लगी। तभी उस युवक का दूसरा साथी पहुंच गया और कहने लगा हम हरिद्वार आए हैं हम भविष्यवाणी करते हैं, आपसे जुड़ी एक जरूरी बात बतानी है।
महिला उसकी बात सुनने के लिए रुक गई। लड़के ने इसके बाद कहा कि कुछ ही दिनों में आपके दोनों बेटे मर जाएंगे। यह सुनकर महिला घबराई और कहने लगी कि आप ऐसा कैसे कह सकते हैं। शायद युवकों का तुक्का सही बैठ गया, महिला के दो बेटे थे। युवकों ने महिला से बात करते हुए आगे बताया कि तुमने अपने बचपन में बहुत बड़ी गलतियां की हैं, इन पापों का नतीजा है कि अब 4 दिन में तुम्हारे बच्चों दोनों बच्चों की मौत हो जाएगी। लेकिन हम जैसा कहेंगे अगर तुमने वैसा किया तो तुम्हारे बच्चे बच सकते हैं। यही महिला की तरफ ठगों का जाल था।
सड़क किनारे पूजा का ढोंग
घबराई हुई महिला ने ठगों की बात में आकर हामी भर दी। युवक ने कहा कि अब एक कपूर की जरूरत है, एक बदमाश महिला के साथ पास की दुकान पर गया और कपूर खरीदने लगा। दोनों फिर वापस फिर उसी जगह पर आए जहां पहले से उसका साथी खड़ा था। ठग ने कहा कि आपने जो गहने पहन रखे हैं, वह हमारे हाथ पर दे दीजिए। हम इस पर मंत्र पढ़कार फूंक मारेंगे। जिससे यह जेवर शुद्ध हो जाएंगे और इसमें ईश्वर की शक्ति आ जाएगी। महिला ने उसे अपने जेवर उतार कर दे दिए। इसके बाद युवक ने कहा कि अब बिना पीछे मुड़े 51 कदम आगे चलिए और 51वां कदम पूरा होने के बाद हमारी तरफ आइएगा और हम से यह जेवर ले लीजिएगा।
तीसरा साथी बाइक पर था
महिला इसके बाद अपनी भतीजी के साथ एक-एक कर 51 कदम गिन कर चलने लगी। वह पीछे नहीं मुड़ी और इसी मौके का फायदा उठाकर युवक फौरन वहां से भाग निकले। CCTV कैमरे में कैद हुई घटना के मुताबिक दोनों ठगों का तीसरा साथी बाइक पर था। वो मोड़ पर इन्हें अपने साथ बैठाकर आगे ले गया होगा। ठग अपने साथ महिला के सोने के झुमके, चेन और माला करीब 44 हजार के जेवर लेकर फरार हो गए। हड़बड़ाई महिला ने घर वालों को आकर सारी बात बताई और थाने पहुंचकर FIR दर्ज करवाई।
तीन बाइक सवारों नें दो और महिलाओं को लूटा
माना इलाके में एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करने वाली ब्यूटी मंडल नाम की युवती लूट की घटना का शिकार हुई है। शनिवार की शाम करीब 5:00 बजे वह माना रोड के मंदिर के पास अपने दोस्त का इंतजार कर रही थी। मोबाइल फोन पर कॉल आया और ब्यूटी बातों में मशगूल हो गई। इतने में अचानक तीन बाइक सवार युवक इनके करीब आए और कहा कि मोबाइल दे दीजिए हमें कॉल करना है। युवती इनकी बात का कुछ जवाब दे पाती कि पीछे बैठे युवक ने झट से युवती का मोबाइल छीना और बाइक सवार भाग गए। युवती भी इनका पीछा करते हुए आगे बढ़ी मगर युवक फरार हो चुके थे। माना मोड़ के पास ने ब्यूटी को इसी इलाके में रहने वाली परिचित लता ओगरे मिली, लता ने बताया कि उसका भी फोन तीन बाइक सवारों ने छीना और भाग गए। अब इनकी शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज की है। मोबाइल लुटेरों की तलाश जारी है।









