बिलासपुर।Highcourt News Bilaspur: कांकेर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 में निमार्ण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। इससे स्थानीय निवासी परेशान हैं। निर्माण कार्य के चलते परिवर्तित मार्ग से यातायात व्यवस्था बनाने सहित विभिन्न् समस्याओं को लेकर हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। इस मामले की सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, राज्य शासन व नगर पालिका परिषद को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
कांकेर निवासी नीतेश पंत ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। इसमें बताया गया है कि कांकेर से होकर नेशनल हाइवे क्रमांक 30 गुजरी है। इसमें पिछले लंबे समय से निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क निर्माण की गति काफी धीमी गति से चल रही है। इसके चलते स्थानीय लोगों को दिक्कतें हो रही है। इस निर्माण कार्य के चलते भारी वाहनों को परिवर्तित मार्ग बनाकर शहर से होकर गुजारने की व्यवस्था की गई है। इससे लोगों की परेशानी और भी बढ़ गई है।
भारी वाहनों की दिन-रात आवाजाही के कारण यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है। वहीं, दुर्घटना होने की आशंका भी रहती है। शासन-प्रशासन से वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की मांग की गई थी। लेकिन, अफसरों ने कोई ध्यान नहीं दिया। इसके चलते हाई कोर्ट में जनहित याचिका लगानी पड़ी है।
इस मामले की सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट के युगलपीठ ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, राज्य शासन व नगर पालिका परिषद को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। प्रकरण की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद होगी।








