इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि, Indore Crime News। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को खड़े डंपर में रेत से भरा ट्रक घुस गया। इस हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। वह ट्रक का हेल्पर था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
यह हादसा बायपास स्थित ट्रूबा कॉलेज के नजदीक हुआ है। मृतक का नाम भगवान पिता मांगू सिंह निवासी रेहटी नसरुल्लागंज सामने आया है । भगवान के साथी ड्राइवर ने बताया कि भगवान उसके साथ लगभग दो साल से जुड़ा था। वह एक डंपर लेकर आया था। गाड़ी एक जगह माल लोड होने के लिए नंबर पर लगी हुई थी। इसी दौरान रेत से भरे ट्रक ने डंपर को टक्कर मार दी। हादसे में भगवान गंभीर रूप से घायल हो गया। जब मृतक घायल था तब उसे 108 एम्बुलेंस के पायलट हरीश शर्मा और ईएमटी लक्ष्मीनारायण उइके ने महाराजा यशवंतराव अस्पताल तक तेजी से पहुंचाने में सहयोग किया था, लेकिन इसके बाद भी गंभीर घायल भगवान को नहीं बचाया जा सका। फिलहाल जांच अधिकारी ने बताया कि पूरे ही मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है ।









