Gwalior Municipal Corporation News: ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कारपोरेशन द्वारा डेफोडिल टेक्नोलाजीज इंडिया कंपनी का पार्किंग संचालन का अनुबंध समाप्त कर दिया गया है। साथ ही स्मार्ट सिटी ने कंपनी की डीडी के 40 लाख रुपये भी जब्त कर लिए हैं। बावजूद इसके डेफोडिल द्वारा धड़ल्ले से पार्किंग का अवैध संचालन किया जा रहा है। शुक्रवार को कंपनी द्वारा पार्किंग संचालित कर लोगों को बकायदा रसीद देकर शुल्क वसूल किया। बस स्टैंड स्थित स्मार्ट पार्किंग में संचालन हो रहा था। कर्मचारी रसीद काटकर रुपये लिए जा रहे थे। उनसे जब कहा गया कि पार्किंग तो खत्म कर दी गई है, तो उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं थी। कर्मचारियों का कहना था कि पार्किंग ऐसे बंद थोड़े ही हो जाएगी, यह सरकारी पार्किंग है।गाैरतलब है कि पार्किंग में विभिन्न सुविधाएं डेफोडिल उपलब्ध नहीं करा पा रही थी। जिसकी शिकायत होने पर जांच के उपरांत पार्किंग का अनुबंध स्मार्ट सिटी द्वारा निरस्त किया गया है। कंपनी पर स्मार्ट सिटी का रुपया बकाया है, जिसे वसूल करने की बात भी स्मार्ट सिटी के अधिकारियाें द्वारा की जा रही है। वहीं इस संबंध में प्रभारी निगमायुक्त आशीष तिवारी का कहना है कि इस संबंध में स्मार्ट सिटी सीईओ से बात करता हूं। यूं तो पार्किंग संचालित नहीं होना चाहिए, हो सकता है प्रक्रिया में एक-दो दिन लग रहे हों।
अभिभाषक को काल कर गुमनाम व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दीः अभिभाषक अविनाश पुत्र केदारप्रसाद उपाध्याय निवासी विवेक विहार बुधवार को आकाशवाणी तिराहे पर क्लाइंट से बात कर रहे थे। उसी समय किसी गुमनाम व्यक्ति ने काल कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। थाटीपुर थाना पुलिस ने फरियादी को धमकाने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मोबाइल नंबर से धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही है।








