– सिरौल थाना पुलिस ने तीन बदमाशों के खिलाफ रंगदारी मांगने का मामला दर्ज किया
Gwalior extortion News: ग्वालियर. नईदुनिया प्रतिनिधि। सिरौल हाइवे पर डीएस बिल्डकोन के आफिस में रविवार की रात को क्षेत्र में रंगदारी करने वाले तीन बदमाश पहुंच गए। आफिस में मौजूद कंपनी के कर्मचारी गिरीश भदौरिया को धमकाते हुए कहा कि अगर क्षेत्र में काम करना हैं तो रंगदारी देनी पड़ेगी। अपने अधिकारियों को बता देना रंगदारी नहीं देने पर इसके परिणाम भी भुगतने पड़ेंगें। सिरौल थाना पुलिस ने कर्मचारी कि रिपोर्ट पर तीनों बदमाशों के खिलाफ रंगदारी मांगने का मामला दर्ज किया है।
भिंड जिले के चोमो गांव निवासी गिरीश पुत्र विश्ववीर भदौरिया डीएस बिल्डकोन कंपनी में नौकरी करता है। हाइवे पर स्थित आफिस में रविवार की रात को गिरीश भदौरिया की ड्यूटी थी। क्षेत्र में गुंडागर्दी करने वाले राजवीर यादव, राजीव भीकम आफिस में आए। इन लोगों के पास हथियार भी थे। आरोपितों ने गिरीश भदौरिया को धमकाकर रंगदारी मांगने लगे। फरियादी ने बताया कि वह तो स्वयं कर्मचारी हूं। वह रंगदारी कहां से देगा। तीनों बदमाश मालिकों तक रंगदारी देने की बात पहुंचने की बात कहकर वहां से भाग गए। सिरौल थाना प्रभारी गजेंद्र धाकड़ ने बताया कि आरोपित आफिस में शराब पीने के लिए पैसा मांगने के लिए गए थे। प्रकरण दर्ज करने के बाद तीनों आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना की वास्तविकता का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
थाटीपुर बजरिया पर युवक को चाकू मारे- थाटीपुर बजरिया पर बलदेव पुत्र रामप्रसाद उचरिया को रविवार की रात साढ़े नौ बजे के लगभग राजवीर जाटव से पुरानी रंजिश के चलते झगड़ा हो गया। आरोपित ने युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया। हमला करने के बाद आरोपित मौके से भाग गया। चाकूजनी की सूचना मिलते ही थाटीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायल की रिपोर्ट पर आरोपित के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। पुलिस झगड़े का कारण पता लगाने के लिए जांच कर रही है।








