जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शहर आगमन के 48 घंटे पहले से ही पुलिस सतर्क हो गई है। इसके लिए शहर के सभी मुख्य स्थानों में लकड़ी के बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। लेकिन मार्ग डायवर्ट है या आगे बड़े वाहन प्रवेश नहीं करें ऐसी कोई सूचना नहीं दी गई है। जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रात में सड़कों में स्ट्रीट लाइट नहीं जल रही है, जिसके कारण राहगीरों को बैरिकेड्स के बारे में जानकारी नहीं होने के कारण अचानक टकराते हुए बचते हैं।
चार स्थानों को जोड़ने वाले मार्ग बंद : चार स्थानों में गृह मंत्री शाह के चार स्थानों में कार्यक्रम है। जिसमें शहीद स्मारक, मालगोदाम, वेटरनरी, गैरिसन ग्राउंड सदर शामिल है। इस मार्ग को जोड़ने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। इसमें इतनी जगह ही छोड़ी गई है, जिससे वाहन निकल सकें।
समय से नहीं पहुंच पाए लोग : सुबह जब लोग घरों से निकले, तो सड़कें बंद मिलीं। कई जगह ऐसे बैरिकेड्स लगाए गए, जहां से सिर्फ दो पहिया वाहन ही निकल सकते थे। इसके लिए कोई संकेतक भी नहीं लगाए, जिससे कार चालकों को ज्यादा परेशानी हुई उन्हें दूसरे मार्ग से घूमकर जाना पड़ा। वहीं जो रानीताल और मदनमहल क्षेत्र से अपने काम पर जा रहे थे वह समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच पाए। पहले से ही इन मार्गों में ओवरब्रिज का कार्य चल रहा है, जिसमें पहले से ही सड़कें एक ओर से बंद कर दी गई है। वहीं एक मार्ग पर वाहनों का दबाव होने से हर कुछ देर में जाम की भी समस्या बनती रही।








