मजार में घुसा चोर..दान पात्र चुराने के दौरान….और फिर हो गई सुबह…..पढ़िये पूरी खबर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कन्नौज के मड़हारपुर गांव में एक मजार में चोरी करने घुसे शख्‍स का हाथ वहां रखे दानपात्र में फंस गया। दानपात्र में ताला लगा होने से वो अपना हाथ नहीं निकाल सका। पूरी रात कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हुआ। सुबह उसके रोने की आवाज़ पर लोगों का मजमा उमड़ पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को छुड़ाकर उससे पूछताछ शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि शहर के करीब ही स्थित मड़हारपुर गांव में बाबा हज़रत लाल शहीद की मजार है। वहां दान देने के लिए लोहे का दानपात्र रखा हुआ है, जिसमें ताला लगा रहता है। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात कुछ युवक वहां पहुंचे और दानपात्र में रखी रकम को चोरी करने की कोशिश करने लगे। लेकिन ताला लगा होने से कामयाब नहीं हो सके। किसी तरह लोहे के दूसरी चीजों की मदद से दानपात्र का ऊपरी हिस्सा उचकाकर उसमें एक युवक ने हाथ डाल दिया, लेकिन वापस नहीं निकाल सका। काफी कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसी जद्दोजहद में सुबह हो गई, तो दो युवक वहां से भाग गए, जबकि जिसका हाथ दानपात्र में फंसा था वो रोने लगा। उसकी चीख सुनकर गांव के लोग मजार पर पहुंचे तो नजारा देखकर चौंक पड़े।

युवक का हाथ दानपात्र में फंसा होने की जानकारी पर वहां पर आसपास के लोगों का मजमा लग गया। उससे पूछताछ की गई, लेकिन युवक सही जानकारी नहीं दे सका। ऐसे में गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मजार की देखरेख करने वालों से चाभी मंगा कर दानपात्र का ताला खुलवाया और युवक को अपने साथ ले गई। मजार से चोरी करने वाले के साथ हुई इस घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। मजार में आस्था रखने वाले इसे बाबा का करिश्मा बता रहे हैं तो कुछ लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से आसपास के इलाकों में चोरी की घटना हुई है, लेकिन मजार के दानपात्र में ताला लगा होने के कारण चोर अपने इरादे में कामयाब नहीं हो सके।

पकड़े गए युवक को अस्पताल में कराया भर्ती
पुलिस ने जिस युवक को पकड़ा है, वो गंभीर बीमारी से पीड़ित बताया जा रहा है। ऐसे में पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। सदर कोतवाल विकास राय ने बताया कि युवक ने खुद को मैनपुरी का निवासी बताया है। वो यहां कचहरी के पास ही काम करता है। उसके साथ दो और युवक भी थे, वो उसे छोड़कर भाग गए। पकड़े गए युवक से जानकारी लेकर उनकी तलाश की जा रही है।

samachardoot
Author: samachardoot

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें