इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि Crime News Indore । द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में छह साल की बच्ची के अपहरण से हड़कंप मचा हुआ है। एक सिरफिरा बच्ची को चीज दिलाने के बहाने लेकर जा रहा था। बच्ची को रोते हुए देख रहवासियों ने पिता को सूचना की और घर भिजवाया। पूरी घटना कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंटरनेट मीडिया पर फुटेज वायरल कर पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई है।
टीआइ सतीश द्विवेदी के मुताबिक घटना द्वारकापुरी ए-सेक्टर की है। मोबाइल व्यवसायी की शिकायत पर अज्ञात बदमाश पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। फरियादी ने पुलिस को बताया छह वर्षीय बेटी सोमवार रात करीब 9.30 बजे बेटी खेलते हुए घर से डेढ़ सौ मीटर दूर चली गई थी। करीब आधा घंटे के बाद सब्जी वाले ने कॉल कर स्वजन को बताया कि बच्ची चौराहा पर रोते हुए मिली है। स्वजन तत्काल चौराहा पर पहुंचे और बच्ची को घर लेकर आए।
बाइक पर ले जाते हुए दिखा आरोपित
टीआइ के मुताबिक बच्ची ने पूछताछ में बताया एक अंकल ने मुझसे कहा तुझे चीज दिलाऊंगा। वह बाइक पर बैठा कर ले गए थे। स्वजनों ने पुलिस की मदद से फुटेज निकाले तो बदमाश बच्ची को ले जाते हुए दिख गया। टीआइ के मुताबिक अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ कि आरोपित की मंशा क्या थी। बच्ची सब्जी वाले को रोते हुए मिली थी। उसने पिता के नंबर पूछे और कॉल कर घटना बताई। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।









