बिलासपुर। Bilaspur Railway News: जोनल स्टेशन से यात्रा करना यात्रियों को महंगा पड़ रहा है। यहां परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को तो प्लेटफार्म चार व पांच के सारे इलेक्ट्रिानिक पंखे बंद रहे। इसी स्थिति में यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। इसकी जानकारी मिलने के बाद भी रेलवे के बिजली विभाग ने सुध नहीं ली। उमस भरी गर्मी से यात्री परेशान होते रहे। बिलासपुर के इस रेलवे स्टेशन में आठ प्लेटफार्म है। सभी से ट्रेनें छूटती और गुजरती है। सुबह के समय तो इतनी अधिक ट्रेनें रहती है कि एक प्लेटफार्म ऐसा नहीं रहता है, जहां यात्रियों की भीड़ नहीं रहती।
प्लेटफार्म चार-पांच में रविवार दोपहर 12 बजे तक यही स्थिति थी। पंखे नहीं चलने की वजह से यात्री गमछे आदि से राहत पाने की कोशिश कर रहे थे। कई यात्री ऐसे भी थे, जो उमस से राहत पाने के लिए इधर-उधर टहल रहे थे। बार-बार उनकी नजरे पंखों की ओर जा रही थी और यही सोच रहे थे आखिर रेलवे ने इन्हें क्यो बंद कर दिया है। वह नाराज भी दिखे। यात्रियों का कहना था कि रेलवे अभी स्पेशल बनाकर ट्रेनों को चला रही है। इसके कारण यात्रियों को अधिक किराया देना पड़ रहा है।








