Bhopal Crime News: भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। गांधी नगर स्थित एक निजी स्कूल के चौकीदार को प्रिंसिपल के कमरे से एलईडी टीवी, 10 हजार रुपये नकद चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब मालिक ने चौकीदार से घटना की शिकायत थाने में करने को बोला। चौकीदार ने मालिक से कहा कि पुलिस ने कहा है कि आज थाना बंद है। कल आकर रिपोर्ट कर जाना। मालिक ने टीआइ से थाना बंद होने की जानकारी चाही तो सारा सच सामने आ गया। शातिर चौकीदार ने स्कूल मालिक को कहानी गढ़कर बताया था कि आधा दर्जन लोगों ने उसे बंधक बनाकर वारदात की और उसे जंगल में छोड़कर भाग गए।
गांधी नगर थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि मंगलवार को स्कूल मालिक कोहेफिजा निवासी मतीन अहमद ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें बताया कि चार-पांच अज्ञात बदमाश सोमवार रात को उनके स्कूल के चौकीदार रमेश उर्फ छोटू को अगवा कर जंगल ले गए और बंधक बनाकर उससे मारपीट की। आरोपित स्कूल में प्रिंसिपल के कमरे में लगी एलईडी टीवी और 10 हजार रुपये भी चोरी कर ले गए। सख्ती से पूछताछ करने पर चौकीदार ने चोरी करने के बाद झूठी कहानी गढ़ना स्वीकार कर ली। उसके पास से टीवी, नकदी बरामद कर ली गई है।








