हरियाणा के सोनीपत में कुंडली टोल प्लाजा के समीप अंडों से भरा ट्रक लूटने वाले पांच बदमाशों को ग्रेटर नोएडा की कासना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लुटेरों ने अंडों को बेच दिया था और खाली ट्रक को नोएडा महामाया फ्लाईओवर के समीप छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने लुटेरों के पास से 4.10 लाख रुपये, अंडों से भरी 47 क्रेट, एक मोबाइल, घटना में इस्तेमाल कार और अवैध तमंचा आदि सामान बरामद किया है।
एडीसीपी विशाल पांडे ने बताया गुरुवार को कासना कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार की टीम ने सिरसा कट के पास से कार में सवार पांच लुटेरों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान विक्रम निवासी एटा, तुषार निवासी जलपुरा कुलेसरा ग्रेटर नोएडा, साहिल, फिरोज और नदीम निवासी अलवर्दीपुर कुलेसरा ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। इन्होंने 13 सितंबर को हरियाणा के सोनीपत स्थित कुंडली टोल प्लाजा के आगे ट्रक चालक-परिचालक को बंधक बनाकर लूटपाट की थी।
बदमाश अंडों से भरा ट्रक लूटकर फरार हुए थे। इसके बाद इन लुटेरों ने ट्रक में भरे अंडों को बेच दिया था। वे लूटे गए ट्रक को नोएडा के महामाया फ्लाईओवर के समीप छोड़कर फरार हो गए थे। एडीसीपी ने बताया कि इस लूट के मामले में अंडा कारोबारी ने सोनीपत की कुंडली थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। इसके बाद से हरियाणा पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी थी लेकिन हरियाणा पुलिस को लुटेरों को पकड़ने में कामयाबी हासिल नहीं हुई। कासना कोतवाली पुलिस ने लुटेरों को गिरफ्तार कर लूट की घटना का खुलासा किया है।
खुद अंडों का कारोबार करते हैं आरोपी
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए बदमाश खुद भी अंडों का कारोबार करते हैं। इसके चलते इन्होंने लूटे गए अंडों को बाजार में बेच दिया। कुछ अंडे अभी बचे थे जिन्हें पुलिस ने इनके पास से बरामद किया है।
गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई होगी
एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए लुटेरों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इनके अन्य अपराधिक इतिहास के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।









