रायगढ़। शहर की प्रमुख समस्या में से एक समस्या है यहां के सड़कों में ट्रैफिक जाम की समस्या, वजह है लापरवाह वाहन चालक। जिनके द्वारा जहां तहां वाहनों की पार्किंग कर दी जाती है, और फिर पूरे शहर वासियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। यातायात विभाग के नव पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग ने ऐसे लापरवाह वाहन चालकों पर कार्रवाई की गाज गिरानी शुरू कर दी गई है।
नव पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात माहेश्वर नाग ने बताया कि शहर की बिगड़ी यातायात सुधारने यातायात के नियमों को लेकर लोगों को जागरूक, समझाइस और इसके बाद भी नियमो की अनदेखी करने पर लगातार चालानी कार्यवाही जारी है। इस दौरान इस महीने में लगभग एक हजार वाहनो पर चलानी कार्रवाई की जा चुकी है।
लापरवाह वाहन चालकों के द्वारा यातायात पुलिस के बार बार समझाईस को दरकिनार कर यातायात नियमों की अवहेलना करते हुए शहर के भीतर रॉंग साइड पार्किंग ,ओव्हर स्पीड , गलत तरीकों से लिखे नम्बर वाली गाड़ियों ,तीन सवारी मोटर साइकल पर सवारी करने वालों पर अब लगातार कार्रवाई जारी है। साथ ही साथ गलत साइड वाहन पार्क कर गायब चालकों की गाड़ी पर लॉक लगाया जा रहा है।
श्री नाग ने यह भी कहा कि शहर वासियों को यातायात समस्या से निजात दिलाने विभाग के द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है, जहां भी ट्रैफिक जाम की सूचना मिलती है, यातायात के जवान तत्काल वहां पहुंच कर लोगों को जाम से निजात दिलाया जा रहा है और यातायात व्यवस्था बदहाल करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। विभागीय अधिकारी की ओर से शहरी क्षेत्र में आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।









