जशपुर। जंगली हाथी के हमले से एक बार फिर एक ग्रामीण की मौत हो गई वहीं दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। मामला जशपुर जिले कुनकुरी के अंतर्गत आने वाले कांटाटोंगरी जंगल का है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम हल्दीमुड़ा, घुईडांड जंगल के अंदर खेत मे पानी देखने गए 2 किसानों का रास्ते मे जंगली हाथियों से सामना हो गया। इसके बाद जंगली हाथियों ने दोनों पर हमला कर दिया।
इस घटना में जहां एक ग्रामीण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई वहीं दूसरे को गंभीर हालत में उपचार हेतु अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बताया जा रहा है की इस क्षेत्र में 3 जंगली हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इस घटना की सूचना के बाद से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है वहीं कुनकुरी पुलिस ने इस सम्बंध में मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच में जुट गई है।









