*रायपुर।* पंडरी मोवा में संचालित साहस नशा मुक्ति केंद्र में मरीजों के साथ मारपीट और प्रताड़ना के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि केंद्र संचालिका के बेटे अनिकेश शर्मा ने नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती मरीजों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
उड़ीसा के उमरकोट निवासी अंकुर मांझी के माता-पिता ने अपने बेटे के साथ हुई प्रताड़ना के आधार पर पंडरी थाने में FIR दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, उनके बेटे को 3 महीने के इलाज के लिए लाया गया था, लेकिन केवल 9 दिन में ही उसे नशा मुक्ति केंद्र से वापस ले लिया गया। माता-पिता का आरोप है कि केंद्र में उनके बेटे के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की गई, जिससे उसकी मानसिक स्थिति प्रभावित हुई।
वर्तमान में मरीज का इलाज विशाखापट्टनम में जारी है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अनिकेश शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने नशा मुक्ति केंद्रों में सुरक्षा और मरीजों के अधिकारों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।







